झारखंड के दुमका में आज एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं आपकी सेवा करना चाहता हूं। इतने वर्षों में कांग्रेस को आदिवासियों की याद नहीं आई। पीएम ने कहा कि झारखंड में लूट की स्पर्धा मची हुई है। अस्थिर व कमजोर सरकार की वजह से झारखंड बदहाल हुआ है। अब इस बदहाली से निकलने का समय आ गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि संथाल परगना भगवान राम के जमाने से है। लेकिन यहां के विकास के लिए कांग्रेस ने 60 वर्षों में कुछ भी नहीं किया। यहां के आदिवासी आज भी गरीबी के दलदल से नहीं निकल पाए हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी जब प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने आदिवासियों की सुध ली और अलग आदिवासी मंत्रालय बनाया।
मोदी ने कहा कि विपक्ष के पास हमारे खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वह अनाप-शनाप बोल रही है। उन्होंने कहा कि जनता इस बार कांग्रेस को सबक सिखाए और राज्य में भाजपा की पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनाए। उन्होंने कहा कि सरकार की तिजोरी पर गरीबों का हक है। झारखंड में वह क्षमता है कि वह पूरे देश का अंधेरा दूर कर सकता है।
झारखंड में बाप-बेटे की सरकार ने सिर्फ अपनी तिजोरी भरी। जनता उन्हें इस बार सबक सिखाए। उन्होंने कहा कि घर में कोई बच्चा गलती करता है तो मां-बाप उन्हें सजा देते हैं उसी तरह अब वही सजा आप उन्हें दें। आप इवीएम पर कमल के निशान पर बटन दबाकर इन लूटने वालों को सबक सिखाएं।
No comments:
Post a Comment